चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु कुदमुरा मंडल में बैठक आयोजित
कोरबा//देश के 12 राज्यों में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य में भी मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित करने और विशुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की गई है।
इसी सिलसिले में कुदमुरा मंडल के द्वारा दिनांक 10 नवम्बर 2025 (सोमवार) को सामुदायिक भवन पसरखेत में एक बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में भाजपा के जिला व मंडल नेतृत्व सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष कुलसिंह कंवर उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमति रेणुका राठिया, मंडल अध्यक्ष बृजलाल राठिया, तथा शक्ति केंद्रों के संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बीएलए-2 (BLA-2) भी शामिल रहे।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद वक्ताओं द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रक्रिया, उद्देश्य और मतदाता सूची में त्रुटियों को सुधारने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी अपनाने के विषय पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और प्रचार को प्राथमिकता देने का संदेश दिया तथा सभी को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और अधिकतम मतदाताओं को सही रूप से सूचीबद्ध कराने का संकल्प लिया।