महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान रेलवे फाटक बंदी का तीखा विरोध, अंडरपास की मांग, दिया ज्ञापन

सलेमपुर (देवरिया): पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के महाप्रबंधक ने शुक्रवार को सलेमपुर जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जीएम ने यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई में मिली कमियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पेयजल और सुरक्षा जैसे मानकों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक तरफ स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है, वहीं दूसरी ओर रेलवे द्वारा उत्तरी समपार फाटक (ढाला) को बंद करने की योजना ने स्थानीय राजनीति गरमा दी है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव और राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजय दीप कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
नेताओं का तर्क है कि दक्षिणी फाटक पहले ही बंद हो चुका है। अब उत्तरी फाटक बंद होने से शहर दो हिस्सों में बंट जाएगा, जिससे मरीजों, छात्रों और बुजुर्गों को लंबी दूरी तय करनी होगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि फाटक बंद करने से पहले लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) अंडरपास का निर्माण अनिवार्य रूप से कराया जाए। वाराणसी-गोरखपुर रेल मार्ग पर स्थित पिवकोल स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित हो।
इस दौरान सुधाकर गुप्ता, गोविंद मधेशिया, शिव शंकर प्रसाद, अनिल कुमार शर्मा, विजय कुशवाहा, विमलेश कुमार, सुदामा कुशवाहा, रामेश्वर, अभय कुमार, रामप्रवेश यादव सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
संदीप कुमार मद्धेशिया की रिपोर्ट