धौलपुर में विधवा की जमीन पर अवैध खनन का आरोप, एसपी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

dho
धौलपुर (दीपू वर्मा) जिले के आंगई थाना क्षेत्र के गांव तरवा में एक विधवा महिला ने खनन माफियाओं पर उसकी कृषि भूमि और पास की चारागाह जमीन पर अवैध खनन करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अवैध खनन रुकवाने की मांग की है।
प्रार्थीया के अनुसार, वह ग्राम पंचायत रहरई की निवासी है और अपने बहनोई पवन कुमार के नाम दर्ज खसरा नंबर 957 की भूमि पर काश्त कर रही है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग, जिन्हें उसने खनन माफिया बताया, उसकी जमीन पर जबरन अवैध खनन कर रहे हैं। साथ ही, पास स्थित चारागाह भूमि को भी खनन के लिए उपयोग में लिया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार आरोपियों को ऐसा करने से रोका, लेकिन वे नहीं माने और कथित तौर पर बाहुबल के दम पर खनन जारी रखा। आरोप है कि आरोपी अवैध हथियारों के जरिए क्षेत्र में दहशत फैलाते हैं और खुलेआम धमकी देते हैं कि उन्हें कोई नहीं रोक सकता।
महिला ने बताया कि वह और उसकी बहन संतकुमारी इस मामले की शिकायत पहले भी संबंधित थाना, तहसीलदार और अन्य विभागों में कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने परिवार को जान से मारने और जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके परिवार को गंभीर नुकसान हो सकता है।
महिला ने राजस्थान सरकार की महिला सुरक्षा संबंधी पहल पर भरोसा जताते हुए प्रशासन से न्याय दिलाने और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संवाददाता ब्यूरो चीफ धौलपुर