भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात, राजाखेड़ा के विकास पर हुई चर्चा
dholpur
भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नीरजा अशोक शर्मा द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जनहित के कार्यों में बाधा बनने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों एवं विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को समर्पित पुस्तिका ‘बढ़ता राजाखेड़ा भाजपा के साथ’ का विमोचन भी अपने करकमलों से किया।
भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। इनमें मनियां नगरपालिका की स्थापना तथा राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी की स्थापना की घोषणा विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और किसानों को बड़ा लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जारह में 33 केवी जीएसएस की स्थापना, मनियां में नगरपालिका की स्थापना, चंबल लिफ्ट परियोजना का लोकार्पण, 16 करोड़ रुपये की लागत से मनियां-मांगरोल सड़क के डामरीकरण, अंबिका में 132 केवी जीएसएस की स्थापना तथा राजाखेड़ा में खेल मैदान के लोकार्पण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
साथ ही उन्होंने लोक आस्था के प्रमुख केंद्र माता रैहना वाली एवं लाठवाली माता मंदिरों के सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ-साथ राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी की स्थापना से जुड़े शेष कार्यों को भी शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
इस दौरान भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने स्थानीय विधायक रोहित बोहरा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजाखेड़ा के खैरख्वाह बनने का दिखावा करने वाले और विधानसभा में अनर्गल चर्चा करने के साथ-साथ अपनी अभद्र हरकतों से लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार करने वाले लोगों ने चंबल लिफ्ट परियोजना को रोकने के लिए भरसक प्रयास किए। लेकिन डबल इंजन की जनहितकारी भाजपा सरकार के रहते उनके मंसूबे कभी सफल नहीं हो पाएंगे।
उन्होंने कहा कि बहुत जल्द चंबल लिफ्ट परियोजना के माध्यम से नहर का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा। शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि आज भी कुछ लोग कृषि उपज मंडी की स्थापना में रोड़े अटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी दाल गलने वाली नहीं है और क्षेत्र के विकास को कोई भी ताकत रोक नहीं सकती। ब्यूरो चीफ धौलपुर