RPSC SI भर्ती में नकल और पेपर लीक पर सख्त पहरा, QR कोड वाले एडमिड कार्ड होंगे जारी, वीडियो रिकॉर्डिंग की भी तैयारी

जयपुर 20 मार्च 2026

RPSC SI भर्ती में नकल और पेपर लीक पर सख्त पहरा, QR कोड वाले एडमिड कार्ड होंगे जारी, वीडियो रिकॉर्डिंग की भी तैयारी

7.70 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम, 41 शहरों के 1174 केंद्रों पर होगी परीक्षा, पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस

परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केंद्र परीक्षा अवधि के दौरान रहैंगे बंद

 

 

जयपुर.. मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजन को लेकर सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया को सुदृढ़ निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के साथ संपन्न कराया जाए। 5-6 अप्रैल को होने वाली परीक्षा राज्य के 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

मुख्य सचिव द्वारा प्रस्तावित परीक्षा के लिए सभी स्तरों पर समन्वित एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी, प्रभावी कानून-व्यवस्था और समयबद्ध समन्वय सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं समयबद्ध वितरण तथा संदिग्ध व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर निगरानी रखने, डमी अभ्यर्थियों को रोकने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वीडियोग्राफी, फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे एवं ई-मित्र केंद्रों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाए तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध प्रभावी रूप से लागू किया जाए। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड युक्त प्रवेश पत्र, फोटो पहचान एवं वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे बहु-स्तरीय उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि इसकी योजना गंभीरता के साथ बनाई जाए तथा पर्यवेक्षी अधिकारियों का चयन किया जाए। राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य हेमंत प्रियदर्शिनी ने इसे राज्य की अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा बताते हुए पुराने अनुभवों से सीख लेकर इस बार ‘जीरो टॉलरेंस’ के तहत शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने पर बल दिया। राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने अवगत कराया कि परीक्षा राज्य के 41 शहरों में 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे….!!

जयपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!