चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
जुनवानी पंचायत के सचिव को बदलने की मांग, सरपंच ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन

करतला//जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत जुनवानी में पदस्थ सचिव के कार्यशैली से नाराज होकर सरपंच ने उनके परिवर्तन की मांग की है। इस संबंध में ग्राम पंचायत जुनवानी की सरपंच श्रीमती ललिता बाई खरिया ने कलेक्टर कोरबा को आवेदन सौंपकर सचिव के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत जुनवानी में पदस्थ सचिव लखन लाल जायसवाल ने जुलाई 2025 में पदभार ग्रहण किया था। पदभार संभालने के बाद से ही वे अपने कार्यों के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं, जिसके कारण ग्रामवासियों को विभिन्न कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सचिव द्वारा ग्रामवासियों के कार्य समय पर नहीं किए जाते हैं। फोन करने पर भी वे फोन नहीं उठाते और न ही वापस संपर्क करते हैं। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने जैसे जरूरी कार्यों में भी अनावश्यक देरी की जा रही है। इसके अलावा शासकीय कार्यों के लिए आवश्यक ओटीपी की जानकारी भी समय पर नहीं दी जाती, जिससे ग्रामीणों के काम अटक जाते हैं।
सरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत के विकास कार्यों के लिए प्राप्त राशि के आहरण में भी सचिव द्वारा टालमटोल किया जाता है और कई बार राशि निकालने से मना कर दिया जाता है। इससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी बार-बार भटकना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती ललिता बाई खरिया ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्रामवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सचिव लखन लाल जायसवाल का स्थानांतरण कर किसी अन्य सचिव की पदस्थापना की जाए, ताकि पंचायत के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।