धान सीजन, बोर्ड परीक्षा और होली से पहले उरगा पुलिस अलर्ट

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट

 

धान सीजन, बोर्ड परीक्षा और होली से पहले उरगा पुलिस अलर्ट

 


कोरबा/उरगा। धान खरीदी सीजन, आगामी बोर्ड परीक्षाओं और होली पर्व को देखते हुए उरगा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शासन के निर्देशानुसार सिद्धार्थ तिवारी (पुलिस अधीक्षक, कोरबा) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर एवं लखन पटेल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बैंक कर्मियों, व्यापारियों और डीजे संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
किसानों की नगद राशि की सुरक्षा पर जोर
धान बिक्री के दौरान किसानों के खातों में बड़ी राशि का लेन-देन होता है। कई किसान नकद राशि निकालते हैं, जिसे देखते हुए पुलिस ने बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैंकों के बाहर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने
सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच
बड़ी नकद निकासी की सूचना स्थानीय पुलिस को देने
बैंक परिसर में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को भी सलाह दी कि वे अधिक नगद राशि लेकर अकेले आवागमन न करें तथा आवश्यकता होने पर पुलिस सहायता लें।
बोर्ड परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध
असामाजिक तत्वों पर निगरानी
पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
पुलिस ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
होली पर्व पर डीजे संचालकों को सख्त चेतावनी
होली के अवसर पर डीजे और साउंड सिस्टम संचालकों को सुप्रीम कोर्ट एवं शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
निर्धारित समय सीमा के भीतर ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग
तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई
शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी नजर
जुलूस व कार्यक्रम की पूर्व अनुमति अनिवार्य
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति और सहयोग की अपील
बैठक में पुलिस ने सभी वर्गों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि धान सीजन, परीक्षा और त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उरगा पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!