कलेक्टर ने चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
संवाददाता इदरीश विरानी बैतूल
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिचोली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसूता वार्ड में भर्ती महिलाओं से चर्चा कर स्वास्थ्य केन्द्र से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पेथौलॉजी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनीमिया की जांच हेतु रैफर किए गए बच्चों का पृथक से एक रजिस्टर संधारित करने हेतु कहा। दस्तक अभियान के तहत चिन्हित सीवियर एनीमिक बच्चों का समय पर सीबीसी की जांच कर जिन बच्चों का रक्ताधान किया जाना है उनकी सूची पूर्व से ही तैयार कर खंड चिकित्सा अधिकारी भीमपुर को भिजवाने निर्देश दिए। ताकि समय पर बच्चों का रक्ताधान करवाया जा सके। स्वास्थ्य केन्द्र में वार्ड एवं किचन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर संतुष्टि जाहिर की। अन्य आवश्यक कार्य हेतु प्राकलन तैयार करने के बीएमओ को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन भी मौजूद रहे।