ट्रेन के ‘हाईटेक चोर’ दबोचे गए: कटर और ब्लेड संग बड़बिल का गिरोह धराया, 1.60 लाख के मोबाइल भी बरामद।

बड़बिल:- दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक अंतरराज्यीय ट्रेन चोर गिरोह को दबोचने में एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ के उड़नदस्ता दल ने चलती ट्रेनों के एसी कोचों में चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से एप्पल और वनप्लस जैसे महंगे ब्रांड के मोबाइल फोन और बोगियों के ताले व जंजीर काटने वाले खतरनाक औजार बरामद हुए हैं।सीघटना की शुरुआत 28 जनवरी की रात को हुई, जब गश्ती दल ने मुंबई-हावड़ा मेल (12809) के टाटानगर स्टेशन पहुंचने के दौरान दो संदिग्ध युवकों को आउटर पर ट्रेन से कूदकर भागते देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिससे स्पष्ट हुआ कि इस गिरोह में कुल चार लोग सक्रिय हैं। इसके बाद आरपीएफ ने जाल बिछाया और टाटानगर स्टेशन के पीछे ‘नाइट आउट’ क्षेत्र की घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। पकड़े गए अपराधियों की पहचान ओडिशा के बड़बिल निवासी ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सदस्य अल्ताफ आलम एक पेशेवर अपराधी है, जो अब तक 11 बार जेल जा चुका है। बार-बार जेल जाने के बावजूद वह जमानत पर बाहर आकर फिर से रेल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
महंगे फोन और कटर बरामद
तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से लगभग 1.60 लाख रुपये मूल्य के तीन हाई-एंड मोबाइल फोन (एप्पल, वनप्लस और वीवो) बरामद किए गए। इसके अलावा, उनके पास से एक बड़ा कटर और हेक्सा ब्लेड भी मिला है। अपराधी इन औजारों का उपयोग यात्रियों के सामान को काटने या बोगियों में सुरक्षा मानकों को तोड़ने के लिए करते थे। आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस को सौंप दिया है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से लंबी दूरी की ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
Report by:- Sajjad Alam(R9 bharat)