कैंप कार्यालय के आयोजन से लाभान्वित हो रहे आमलोग: उपायुक्त

ब्यूरो रीपोर्ट पलामूं

कैंप कार्यालय के आयोजन से लाभान्वित हो रहे आमलोग: उपायुक्त

उपायुक्त के समक्ष प्राप्त हुए 70 से अधिक आवेदन

हुसैनाबाद अनुमंडल भवन में संचालित हुआ कैंप कार्यालय, अपनी समस्याओं के निदान हेतु पहुंचे लोग, उपायुक्त खुद लोगों से मिलकर सुनी समस्याएं

———–

हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय भवन में आज जिला स्तरीय कैंप कार्यालय का अधिष्ठापन कर आम लोगों की समस्याएं सुनी गई। उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आयोजित कैंप कार्यालय में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मीगण आमलोगों की समस्यायों को सुना और उसका निदान किया। कैंप कार्यालय में अपनी समस्याओं को लेकर 70 से अधिक आमलोगों ने उपायुक्त शशि रंजन से सीधा मुलाकात की। उपायुक्त ने भी लोगों से सीधा मिलकर पूरी गंभीरता से उनकी समस्याओं को सुना। समस्या से संबंधित उनके आवेदन प्राप्त किए, आवेदन संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्थानांतरित किया और प्राथमिकता के तहत समस्या समाधान का निदेश दिया। उन्होंने समस्या का त्वरित समाधान योग्य मामले नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में समाधान करने हेतु निदेशित किया। कई मामलों में अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर स्थल का भौतिक सत्यापन कर आवेदकों को यथोचित लाभ पहुंचाने का निदेश दिया।

कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारियों ने भी आमजनों से अपने-अपने विभागों से संबंधित उनकी समस्याएं सुनी और उसका निष्पादन किया। साथ ही उपायुक्त द्वारा निदेशित व स्थानांतरित आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निदान करने हेतु प्रक्रिया शुरू की।

कैंप कार्यालय को लेकर अनुमंडल कार्यालय भवन में चहल-पहल रही। समस्या समाधान को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि अनुमंडल स्तर पर आयोजित कैंप कार्यालय से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। पदाधिकारी उनके नजदीक पहुंचकर उनकी समस्याएं दूर कर रहे हैं। इससे आमलोगों को समय और आर्थिक बचत हो रही है। साथ ही कैंप कार्यालय के तहत पदाधिकारी विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित कार्यों एवं गतिविधियों का निरीक्षण कर रहे हैं। उपायुक्त खुद भी क्षेत्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा ले रहे हैं। इससे जिले के विकास कार्यों में गति मिल रही है।

 

कैंप कार्यालय में हुसैनाबाद लंबी गली निवासी दिव्यांग प्रह्लाद ठाकुर ने उपायुक्त के समक्ष बैटरी वाली गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की। उपायुक्त ने जिला में गाड़ी की उपलब्धता के उपरांत उन्हें प्राथमिकता के तहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं हैदर नगर निवासी रजी अहमद खॉ ने सरकारी भूमि की बंदोबस्ती से संबंधित आवेदन दिया। उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को जांच का आदेश दिया। पुर्णाडीह के सरोज राम ने पूर्वजों द्वारा बंटवारा किए गए भूमि को जबरन हड़पने का प्रयास करने से संबंधित समस्याओं को रखा। अनिका कुमारी ने बेदौलिया आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सेविका चयन को रद्द करने संबंधी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी। इसके साथ ही अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे 70 से अधिक लोगों ने सीधा उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखी और उससे संबंधित आवेदन दिए। इन सभी पर गंभीरता दिखाते हुए उपायुक्त ने उनकी समस्याएं दूर करने की पहल की।

कई सेवाओं का मिला लाभ

उपायुक्त के कैंप कार्यालय में जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों से जुड़े प्राप्त आवेदनों के आलोक में कई मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए संबंधित व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। कैंप कार्यालय के तहत लोगों की समस्या सुनते हुए विभिन्न सेवाओं का लाभ लोगों को दिया गया। कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्य रूप से परियोजनाओं एवं योजनाओं की भूमि चिन्हित, हस्तकत एवं विवाद समाधान किया गया। वहीं वन भूमि के बदले अन्य भूमि/ सरकारी भूमि स्थानांतरण, बिजली बिल माफी संबंधी शिकायतों का समाधान, पेयजल समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही मईयां सम्मान योजना की राशि देने, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, सर्जन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना आदि योजनाओं से योग्य लाभुकों को लाभान्वित किए जाने की पहल की गई।

कैंप कार्यालय में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!