खनन कंपनी अधिकारी के अपहरण की साजिश, ड्राइवर फिरोज सहित 7 गिरफ्तार

(क्योंझर – ओडिशा) खनन कंपनी में कार्यरत ड्राइवर एम.डी. फिरोज ने खनन कंपनी के उपाध्यक्ष (V.P.) निमानंद प्रधान के अपहरण की साजिश रची थी। इस साजिश में मुख्य आरोपी बाबू (एम.डी. सहदाब) भी शामिल था। योजना के तहत फिरोज ने 7 तारीख को नया वाहन खरीदा और 12 तारीख को कार्यालय में सभी को लड्डू खिलाया। लड्डू खाने के बाद निमानंद प्रधान के ड्राइवर आकाश और एक अन्य ड्राइवर नशे में चूर हो गए और बीमार पड़ गए। इसके कारण निमानंद प्रधान ने फिरोज से उन्हें घर छोड़ने को कहा। लेकिन फिरोज ने निमानंद प्रधान को घर छोड़ने के बजाय उनका अपहरण कर लिया और उन्हें झारखंड लेकर फरार हो गया।फिरोज ने प्रधान के परिवार से 60 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस घटना के बाद, 13 तारीख को निमानंद प्रधान की पत्नी ने बड़बिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल केस को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की।
इस मामले को राज्य के डीजीपी ने चुनौती के रूप में लिया और पश्चिमांचल डीआईजी व केन्दुझर एसपी को विशेष निर्देश दिए। इसके तहत केन्दुझर एसपी के नेतृत्व में 12 टीमें गठित की गईं, जिन्होंने ओडिशा से बाहर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी की। 8 दिनों की मेहनत के बाद पुलिस ने अपहरणकर्ताओं से निमानंद प्रधान को सुरक्षित छुड़ाया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन में ओडिशा पुलिस के साथ-साथ एफ.आई.यू, क्राइम ब्रांच, एटीएस झारखंड, आईजी जेल झारखंड, एसटीएफ बिहार, आईजी जेल बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस भी शामिल थी। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निमानंद प्रधान को जीवित छुड़ाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की रकम मिलने के बाद प्रधान को छोड़ने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी योजना विफल कर दी।
पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 8 मोबाइल फोन, एक नकली बंदूक और 50 लाख 90 हजार रुपये जब्त किए। हालांकि, मुख्य आरोपी बाबू (एम.डी. सहदाब) पुलिस के जाल से बचने में सफल रहा।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1. एम.डी. फिरोज (बड़बिल)
2. सरफराज अंसारी (रांची, झारखंड)
3. सिन्हा सिंह (लेक गार्डन, कोलकाता, पश्चिम बंगाल)
4. राजेंद्र पासवान (रांची, झारखंड)
5. जमील अक्तार (रांची, झारखंड)
6. फारहा परवीन (चक्रधरपुर, झारखंड)
7. सादाब नौबहार (चक्रधरपुर, झारखंड)
पुलिस इस मामले में फरार मुख्य आरोपी बाबू (एम.डी. सहदाब) की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की उम्मीद जताई गई है।
ओडिशा के केन्दुझर जिले से सज्जाद आलम की रिपोर्ट R9 भारत।