कोटा से भवानी शंकर राठौर की विशेष रिपोर्ट
गंदा पानी पीने को मजबूर है बड़ोद कस्बे के वासी ,आए दिन टूटती है कस्बे की पाइप लाइने

सुल्तानपुर उपखंड के बड़ोद कस्बे में कस्बे वासी जलदाय विभाग की लापरवाही के कारण गंदा पानी पीने को मजबूर है। दशकों पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह से जर्जर हो चुकी है जो आए दिन कहीं भी टूट जाती है। कस्बे वासियों द्वारा कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी समस्या से अवगत करवा दिया गया है लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं होने के कारण कस्बे वासियों में जलदाय विभाग के अधिकारियों के प्रति रोष व्याप्त है।
स्थानीय निवासी राजेंद्र सुवालका ने बताया कि कस्बे में तीन चार जगह पानी की पाइप लाइन टूटी हुई है जिसकी सूचना जलदाय विभाग के अधिकारियों व ग्राम प्रशासन को भी दे दी गई है मगर तीन-चार दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है। पाइप लाइन टूटने से आम रास्ते पर जहां पानी ही पानी हो गया है वही लीकेज हुई पाइप लाइनों से दूषित पानी घरों तक भी पहुंच रहा है। कस्बे वासी गंदा पानी पीने को मजबूर है। कस्बे में पहले ही एक दिन छोड़कर एक दिन पानी आता है। लीकेज पाइप लाइनों की वजह से आम रास्तों पर पानी भरा हुआ है जहां से निकलने में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जलदाय विभाग की उदासीनता व अधिकारियों के सुस्त रवैया के कारण कस्बे वासियों को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।