ग्राम धनियाजाम के ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, सड़क ऊंची करने की मांग पर एक घंटे का चक्काजाम
*रिपोर्ट मोहम्मद इदरीश विरानी
दामजीपुरा
बैतूल जिले के चिचोली ब्लॉक स्थित ग्राम धनियाजाम में फोरलेन नेशनल हाईवे की सड़क ऊंची होने के कारण गांव के लोग लगातार दुर्घटनाओं का सामना कर रहे हैं। इसी समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर धनियाजाम जोड़ पर एक घंटे तक चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों की यह नाराजगी तब भड़की जब शुक्रवार को सतीश इवने नामक युवक की कंटेनर ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना हाईवे की ऊंचाई और गांव की निचली स्थिति के कारण हुई।
ग्रामीणों की मांग:
ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन नेशनल हाईवे की ऊंचाई को गांव की सड़क के स्तर के बराबर किया जाए ताकि हादसों पर रोक लगाई जा सके। गुस्साए ग्रामीणों में महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर इस मांग को मजबूती से उठाया।
प्रशासन की कार्रवाई:
धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव, और थाना प्रभारी हरिओम पटेल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फोरलेन निर्माण के मैनेजर और ठेकेदार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
ग्रामीणों की आपबीती:
ग्राम के युवा बंटी विजय ठाकुर ने बताया कि धनियाजाम गांव निचले स्तर पर है जबकि फोरलेन की सड़क ऊंची बनी हुई है। इसी कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क को बराबर करने के लिए उन्होंने प्रशासन और ठेकेदार से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ट्रैफिक पर असर:
चक्काजाम के दौरान नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।