4 साल पहले पुलिस द्वारा अवैध खनन सामग्री परिवहन के मामले में जब्त ट्रक में लगी आग
घंटों की मशक्कत के बाद नगर पालिका की दमकल ने पाया आग पर काबू
भरतपुर। जिले के बयाना कस्बे के कचहरी रोड स्थित जहांगीर गेट के पास एक ट्रक में आग लगने से आसपास के दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जिस ट्रक में आग लगी उसे करीब 4 साल पहले पुलिस ने अवैध खनन सामग्री परिवहन के मामले में पुलिस एक्ट में जब्त किया था। जिसमें सैंड स्टोन का ब्लॉक भरा हुआ था। इसके पास ही पुलिस की ओर से खनिज सामग्री परिवहन में जब्त किया हुआ एक अन्य ट्रेलर भी खड़ा था। लेकिन गनीमत रही कि आग की लपटें उस तक नहीं पहुंच पाई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात की दृष्टि से कचहरी रोड पर गुजर रहे ट्रैफिक को रुकवा दिया। इसके बाद सूचना पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझने पर आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।।
हेमंत दुबे