तपस्विनी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, यात्रियों में दहशत का माहौल
संबलपुर-झारसुगुड़ा के बीच रेंगाली के पास हुआ हमला, आरपीएफ ने जांच शुरू की

(ओडिशा)- शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में पुरी से हटिया जा रही तपस्विनी एक्सप्रेस पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने पत्थरबाजी कर दी। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब ट्रेन संबलपुर और झारसुगुड़ा स्टेशन के बीच रेंगाली के पास से गुजर रही थी। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।
बदमाशों द्वारा फेंका गया पत्थर बी-7 कोच की खिड़की से जा टकराया, जो सीट नंबर 15 के पास थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खिड़की का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसके टुकड़े यात्री पर जा गिरे। कोच अटेंडेंट ने बताया कि सीट नंबर 15 पर बैठे यात्री को लगा कि किसी ने गोली चला दी है। तेज आवाज सुनकर कोच के सभी यात्री घबरा गए और नींद से जाग गए। खिड़की पर टक्कर का गहरा निशान देखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोच अटेंडेंट और ट्रेन टीटीई ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की है। घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- ओडिशा-R9 भारत ब्यूरो चीफ सज्जाद आलम