दो छात्र गुटों में हुआ झगड़ा, शांत कराने पहुंचे शिक्षक को पीटा…जमकर हुआ हंगामा, वीडियो हुआ वाइरल
भरतपुर। जिले की बयाना तहसील के गांव में दो छात्र गुटों के मध्य सुलह करवाना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। शिक्षक को छात्रों के परिजनों ने लाठी-डंडों से पीटा। इसमें वह घायल हो गया। घटना 30 मार्च को भरतपुर के बयाना में हुई। दरअसल, 30 मार्च को क्लास 10वीं का पेपर था। कनावर गांव के पुरोहित शिक्षण संस्थान स्कूल और नगला जहाजिया गांव के एक प्राइवेट स्कूल का सेंटर दहगांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आया था। इस दौरान दोनों प्राइवेट स्कूल के स्टूडेंट पेपर देने पहुंचे। पेपर खत्म होने के बाद जब दोनों प्राइवेट स्कूल के स्टूडेंट स्कूल से बाहर आये तो दोनों के स्टूडेंट में आपसी कहासुनी हो गई। इसके बाद वहां कनावर गांव के स्कूल पुरोहित शिक्षण संस्थान का एक टीचर मौके पर पहुंच गया और दोनों स्टूडेंट के गुटों में बीच बचाव करवाने लगा। इसी दौरान वहां नगला जहाजिया गांव के प्राइवेट स्कूल में पढऩे वाले स्टूडेंट के परिजन पहुंच गए। उन्होंने आते ही सुलह करवा रहे टीचर की पिटाई शुरू कर दी। स्टूडेंट और उनके परिजनों ने टीचर की लाठी डंडों से जमकर पिटाई की। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। दो दिन बाद टीचर की पिटाई के वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर वायरल कर दिया गया। मामले को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।।
भरतपुर से हेमंत दुबे की रिपोर्ट