थाना बसेड़ी।
फाइनेंसकर्मी से लूट मामले में बसेड़ी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं हिस्सा राशि की बरामद
धौलपुर पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में बसेड़ी थाना अधिकारी बृजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन कर फाइनेंसकर्मी से लूटपाट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना अधिकारी बृजेश कुमार मीणा ने बताया कि 3 जुलाई 2025 को कृष्णकांत शर्मा पुत्र नरेश शर्मा ने बसेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें उसने बताया कि वह भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड में कैश कलेक्शन का काम करता है। वह कैश कलेक्शन करते हुए रतनपुर और मठ गुलावली के बीच पहुंचा तभी पीछे से दो मोटरसाइकिल से चार आदमी आए और उसकी बाइक रुकवाकर तमंचा दिखाकर बैग से 56220 रुपये छीनकर ले गए।
थाना अधिकारी ब्रजेश कुमार मीणा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए टीम गठितकर प्रदीप पुत्र महावीर उम्र 32 वर्ष जाति ठाकुर एवं अजीत उर्फ लल्लू पुत्र ओमवीर उम्र 19 वर्ष जाति ठाकुर निवासी रतनपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं लूट की हिस्सा राशि बरामद की है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम में बसेड़ी थाना अधिकारी बृजेश कुमार मीणा, एएसआई रामअवतार सिंह, कांस्टेबल दशरथ सिंह, योगेश कुमार, प्रभाकर एवं जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।
बसेड़ी से संवाददाता माधोसिंह परमार