बसेड़ी। 18/02/2026
बसेड़ी क्षेत्र में बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई।
6 ट्रांसफार्मर और 11 केवी लाइन डिस्मेंटल।
धौलपुर जिले में बकाया विद्युत बिलों की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बसेड़ी उपखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता गोविन्द सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता बी.एस. मीणा के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता राहुल उपाध्याय एवं विभागीय टीम ने गांव लेवड़ापुरा, बोरेली एवं भैरो का नगला में बकाया वसूली अभियान चलाया। जांच के दौरान इन गांवों में कुल करीब 12 लाख 54 हजार रुपये की बकाया राशि पाई गई।
बकाया राशि जमा नहीं होने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए 5 केवीएच क्षमता के 3 ट्रांसफार्मर, 10 केवीएच क्षमता के 2 ट्रांसफार्मर, 16 केवीएच का 1 सिंगल फेस ट्रांसफार्मर सहित
कुल 6 विद्युत ट्रांसफार्मर साइट से डिस्मेंटल कर भंडार शाखा में जमा कराए।
इसी क्रम में गांव नंदपुरा में लगभग साढ़े सात लाख रुपये की बकाया राशि पाए जाने पर विभाग ने 5 स्पान की 11 केवी विद्युत लाइन को भी डिस्मेंटल किया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बकाया चल रहा है, उनके विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
बसेड़ी से संवाददाता माधोसिंह परमार