यातायात कर्मियों ने महिला के चेहरे पर लौटाई खोई हुई मुस्कान

जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा के सुपरवीजन में धौलपुर पुलिस ने पाली जिले के निवासी मनोरमा का खोया हुआ बैग महज 24 घंटों में बरामद कर उसे वापिस कर महिला के चेहरे पर खोई हुई मुस्कान वापस लौटाने का कार्य किया है| महिला ने बताया है कि बैग में 3 लाख रुपए के गहने समेत अन्य सामान था। यातायात प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया है कि महिला मनोरमा बाबा विशिनिगीर धाम से धौलपुर में अपनी बुआ के पास आ रही थी। वह बाड़ी से धौलपुर गुलाब बाग पहुंचीं। वहां से टैम्पो में बस स्टैंड जाते समय उनका बैग टैम्पो में ही छूट गया। इस पर महिला ने कल हमें शिकायत दी।उन्होंने बताया कि वह कैंसर से निजात मिलने पर बाबा के धाम में घंटा चढ़ाने गई थी। इस पर यातायात पुलिस के कॉन्स्टेबल योगेंद्र और चेतन मीणा को जांच सौंपी। दोनों कॉन्स्टेबल ने शहर में लगे अभय कमांड कैमरों की मदद से टैम्पो की पहचान की। फिर ड्राइवर से संपर्क किया। ड्राइवर ने ईमानदारी दिखाते हुए बताया कि बैग उसके पास सुरक्षित है। पुलिस ने महिला को साथ लेकर टैम्पो ड्राइवर से बैग बरामद किया। बैग में रखे करीब 3 लाख के गहने और अन्य सामान सुरक्षित मिले। मनोरमा ने पुलिस की तत्परता और ईमानदारी के लिए धन्यवाद दिया। ब्यूरो चीफ धौलपुर