राजाखेड़ा में जलझूलनी एकादशी पर ठाकुर जी ने शंख झालरों के साथ किया नगर भ्रमण, मेले में बच्चों ने उठाया लुत्फ
राजाखेड़ा-: जलझूलनी एकादशी के अवसर पर आज शनिवार को कस्बे के तहसील परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से ठाकुर जी नगर भ्रमण पर निकले। फूलों से सजे-धजे डोले में ठाकुर जी को नई पोशाक पहनाकर विराजमान किया गया। इसके बाद जयकारों के बीच डोला नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। ठाकुर जी का डोला शंख-झालरों के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए महतेकी मंदिर पर पहुंचा जहां सरोवर में भगवान को जल विहार करवाया गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती हुई। इस अवसर पर शहर में जगह-जगह ठाकुर जी का स्वागत किया गया। श्रद्धालु डोले के नीचे से निकलते रहे और दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले का हुआ आयोजन-:
देव जलझूलनी एकादशी पर कस्बे के हाट मैदान में विशाल मेले का आयोजन किया गया। जहां पर महिलाओं ने श्रंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की। तो वहीं बच्चों ने रहट आदि में झूलकर मेले का जमकर लुत्फ उठाया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मेले में पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद दिखाई दीं।
ठाठ बाट से निकला डोला-:
देव जलझूलनी एकादशी के अवसर पर राजसी ठाट बाट से डोले में भगवान ने नगर भ्रमण किया। सवेरे से ही मंदिरों में डोले को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान को नई पोशाक पहनाई गई। इसके बाद शाम को ठाठ बाट से डोला रवाना हुआ। श्रद्धालु इन्हें कंधों पर उठाए चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी को चंवर डुलाया। जगह- जगह पुष्प वर्षा कर इनका स्वागत किया गया। ठाकुर जी के डोले का महतेकी धाम मंदिर पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जादौन ने पुष्प वर्षा कर ठाकुर जी की आरती उतारी और सभी लोगों को जल झूलनी एकादशी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जादौन के साथ विजय सिंह उर्फ बॉबी, हाकिम सिंह, संजय जमादार, भूरी सिंह जादौन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा