हाथरस हादसे में डीग -भरतपुर क्षेत्र से एक की मौत व दो महिलाएं घायल

भरतपुर। उत्तर प्रदेश में हाथरस से 47 किमी दूर फुलरई गांव में भोले बाबा के सत्संग में मंगलवार दोपहर मची भगदड़ में डीग-भरतपुर जिले के कुम्हेर के साबोरा गांव की रहने वाली एक महिला की मौत तथा भरतपुर के मलाह व गोलपुरा गांव की दो महिलाओं के घायल हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। सत्संग में भरतपुर व डीग जिले से सेकड़ों की संख्या में गए लोगो के बीती देर रात सुरक्षित अपने घरों को लौट आने के बाद दोनो जिलो के लोगो ने चैन की सांस ली है। सत्संग में भगदड़ के दौरान मरने वाली कुम्हेर के साबोरा की निवासी महिला का नाम 50 वर्षीया राजेंद्री बताया गया है जबकि घायल महिलाओं के नाम भरतपुर के मलाह गांव की रहने वाली रानी और गोलपुरा गांव की रहने वाली प्रेमवती शामिल हैं। मृतक महिला का पति प्रसादी मजदूरी करता है। उसके 2 लड़के हैं, जिसमें से एक लड़का मजदूरी करता है और दूसरा लड़का पढ़ाई करता है। बताया गया कि साबोरा की करीब 15 महिलाए आपस में पैसे इकट्ठे कर एक गाड़ी से नदबई तक तथा इसके बाद बे सोमवार शाम एक बस से सत्संग में गई थी। मृतका महिलाओं के इसी दल में शामिल थी। पांडाल के समीप दलदल में गिरने से उसकी मौत हो गई।।
भरतपुर से हेमंत दुबे