पिथौरा के पुरानी बस्ती में सुना गया ‘मन की बात’ का 133वां प्रसारण

महासमुन्द/ पिथौरा
खगेश साहू

पिथौरा के पुरानी बस्ती में सुना गया ‘मन की बात’ का 133वां प्रसारण

प्रधानमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ के काले हिरण का जिक्र

 

पिथौरा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को पिथौरा नगर के पुरानी बस्ती में सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजजा एवं पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य मनमीत छाबड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश पटेल, किशोर पटेल, लीलाधर तारक सहित अन्य युवा उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।

‘मन की बात’ के इस 133वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जुड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और स्थानीय विरासत के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के दुर्लभ काले हिरण (ब्लैकबक) का विशेष उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे प्रदेश की जैव विविधता का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि काले हिरण जैसे वन्यजीव न केवल हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इनके संरक्षण के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ी देश के विकास और सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे अभियानों में जनसहभागिता को और मजबूत करने की अपील की।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें जन-जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने देशहित में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!