बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
इसराफिल अंसारी 7 मई को थामेंगे राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन का दामन।
बोकारो :बोकारो के पूर्व विधायक मरहूम इजराइल अंसारी के पुत्र इसराफिल अंसारी उर्फ बबनी ने मजदूर राजनीति में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन में शामिल होने की घोषणा की है। वे 7 मई को सीसीएल रीजनल समिति की बैठक में अपने समर्थकों के साथ विधिवत सदस्यता ग्रहण करेंगे। पूर्व में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (ददई दुबे गुट) के सीसीएल रीजनल अध्यक्ष रह चुके इसराफिल अंसारी ने बेरमो विधायक एवं यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनुप सिंह के नेतृत्व में आस्था जताई है। सदस्यता से पूर्व उन्होंने समर्थकों के साथ विधायक के आवासीय कार्यालय पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि यूनियन मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय सचिव विल्सन फ्रांसिस,आनंद कुमार सहित कई नेता मौजूद थे। इसराफिल अंसारी के शामिल होने से कथारा क्षेत्र में यूनियन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।