ब्यूरो रिपोर्ट पलामू
जन समाधान दिवस में संवेदनशील पहल
बच्चे को अनाथ आश्रम भेजने की बात सुन भावुक हुए उपायुक्त,तत्काल दिलाई आर्थिक सहायता

p
प्रत्येक बुधवार की भांति इस सप्ताह भी समाहरणालय सभागार में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।इसी दौरान एक अत्यंत भावुक मामला सामने आया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। एक महिला ने उपायुक्त को बताया कि कम उम्र में ही उसके पति का निधन हो गया, जिसके बाद वह अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के पालन-पोषण के लिए गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही है। महिला ने कहा कि उसके पास बच्चे की देखभाल एवं भरण-पोषण के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं, इसलिए वह बच्चे को किसी अनाथ आश्रम में रखने को मजबूर हो रही है ताकि उसका भविष्य सुरक्षित रह सके।महिला की बातें सुनते ही उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे भरोसा दिलाया कि प्रशासन उसके साथ खड़ा है और बच्चे को अनाथ आश्रम भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला को विधवा पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत बच्चे के भरण-पोषण हेतु प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जाए।उपायुक्त ने महिला को समझाते हुए कहा कि सरकार की ओर से हर माह कुल पांच हजार रुपये की सहायता उपलब्ध होगी तथा वह स्वयं भी कोई छोटा-मोटा कार्य कर अपनी आय बढ़ा सकती हैं, जिससे बच्चे का पालन-पोषण सुचारु रूप से हो सकेगा।उपरोक्त के अतिरिक्त जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद,सार्वजनिक रास्ता रोकने,अयोग्य लाभुकों को पीएम आवास दिये जाने,दाखिल खारिज,राजस्व,स्वास्थ्य विभाग,आपूर्ति,पेयजल, शिक्षा,कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त किये गये।