#हाईमास्ट_लाइट_से_टकराई_बस : भरतपुर जिले के हलैना क्षेत्र में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 पर मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर लगी एक हाई मास्ट लाइट से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाई मास्ट लाइट क्षतिग्रस्त हो गई और बस में सवार लगभग 50 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस और हाईवे सेफ्टी की टीमों ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। उक्त घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कुल 13 यात्री घायल हो गए, जिनमें खुद बस चालक भी शामिल है। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से हलैना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 5 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर कर दिया गया जबकि 8 घायलों का इलाज हलैना में ही चल रहा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार घायलों में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के भिंड, मुरैना, झांसी और वड़ोदरा के निवासी शामिल हैं। उक्त सड़क हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा करवाकर करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद खुलवाया गया जबकि बस में सवार अन्य सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया और दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया।
रिपोर्टर राहुल डागुर शाहपुर लखनपुर