बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
शिक्षक दिवस पर बरईकलां विद्यालय में सम्मान समारोह, शिक्षक व पत्रकार हुए सम्मानित
बोकारो जिला के कसमार प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरईकलां में 5 सितंबर शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंध समिति के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ-साथ स्थानीय पत्रकार नागेश्वर महतो, शेखर सर्वेंदु और विकास कुमार को प्रबंध समिति द्वारा सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर पत्रकार सह सेवानिवृत्त शिक्षक नागेश्वर महतो ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करते हैं। पत्रकार शेखर सर्वेंदु ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान हमारी संस्कृति का हिस्सा है और ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार महतो ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और भविष्य निर्माता हैं। उनके सम्मान से विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा और संस्कारों की सीख मिलती है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेश कुमार सहित शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों का स्नेह और सम्मान ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।