बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
पी एम श्री +2 विद्यालय कसमार में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस, रामबाबू शुक्ल को उत्कृष्ट कार्य हेतु डायट प्राचार्य ने किया सम्मानित
बोकारो जिला के कसमार में 5 सितंबर 2026 शनिवार को पी एम श्री एस एस +2 उच्च विद्यालय कसमार में पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में हर्षोल्लास से मनाई गई। विद्यालय प्रार्थना सभा में आयोजित मुख्य समारोह में शंख सदन समन्वयक डॉ अवनीश कुमार झा ने विद्यालय के सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी को उनके कुशल योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें सम्मानित किया। प्राचार्य फारुक अंसारी ने सभी शिक्षकों से लक्ष्य बनाकर बच्चों के हित में परिश्रम करने की आवश्यकता पर बल दिया। वरीय शिक्षक महाकांत झा ने उपस्थित जनसमूह को डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जीवन से सीखने को प्रेरित किया। कहा कि मेधावी एवं कर्तव्यनिष्ठ पूर्व राष्ट्रपति महोदय का जीवन संपूर्ण विश्व के लिए अनुकरणीय है। मौके पर राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतियोगिता के व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र – छात्राओं को प्राचार्य एवं शिक्षकों ने स्वर्ण,रजत एवं कांस्य पदक भेंटकर सम्मानित किया। बाद में, विभिन्न वर्ग शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अपने – अपने वर्ग कक्ष को आकर्षक ढंग से सजाया एवं सभी शिक्षकों को अवलोकन के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर कसमार अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह भी विद्यालय पहुंचे एवं विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने एवं नियमित स्वाध्याय करने की महत्ता से अवगत कराया। इधर, उत्कृष्ट जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पिण्ड्राजोरा में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में विद्यालय के स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक (हिंदी) रामबाबू शुक्ल को संस्थान के प्राचार्य सुनील शेखर कुजुर ने अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। श्री शुक्ल को सम्मान प्राप्त होने पर विद्यालय प्राचार्य फारुक अंसारी समेत सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई दी है।