बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
बिजली और पानी की मांग को लेकर जरीडीह के ग्रामीणों ने किया सीसीएल बीएंडके एरिया का चक्का जाम, त्रिपक्षीय वार्ता के बाद बनी सहमति
बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर 1 सितंबर 2026 मंगलवार को बोकारो जिला के जरीडीह मौजा के हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सीसीएल बीएंडके एरिया का चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बाधित कर जरीडीह मोड़ पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए बेरमो अंचल अधिकारी संजीत कुमार सिंह और गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अधिकारियों के साथ सीसीएल प्रबंधन के कार्यालय वार्ता के लिए जाने को तैयार नहीं हुए। वे अपनी जिद्द पर अड़े रहे कि प्रबंधन के अधिकारी खुद धरना स्थल पर आएं और उनकी बात सुनें। दोपहर तक ग्रामीण धरना स्थल पर डटे रहे और सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए अंततः सीसीएल बीएंडके एरिया के करगली ऑफिसर्स क्लब में बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने मुखिया और ग्रामीणों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और जलापूर्ति व बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।बेरमो सीओ संजीत सिंह ने मुखिया से कहा कि वे लेटर पैड पर विधिवत प्रस्ताव बनाकर प्रबंधन और अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि इसे संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आवेदन देने की बात कही, जिससे 72 घंटे के अंदर सर्वे कराकर पंचायत में जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही गांव में जल्द बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू करने का भी आश्वासन दिया गया।
सीसीएल बीएंडके एरिया के महाप्रबंधक संजय कुमार झा ने कहा कि पंचायत के ग्रामीण आपस में विचार-विमर्श कर राय दें कि उन्हें किस स्रोत या स्थान से सबसे आसानी से जलापूर्ति मिल सकती है, उसी के आधार पर पंचायत में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि जरीडीह मौजा में सीसीएल का 8.5 एकड़ का आरआर साइट (पुनर्वास स्थल) है, जहां विस्थापित रैयत निवास करते हैं। इस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही गांव तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।
इस आंदोलन और वार्ता के दौरान मुखिया कंचन देवी, देवंती देवी, डॉ. प्रहलाद बरनवाल, सुरेंद्र स्वर्णकार, दिलीप यादव, राबिन कसेरा, प्रदुमन सोनी, लौकी महतो, पंसस शंभू कुमार सोनी, पिंकी देवी, धनेश्वर महतो, प्रदीप महतो, आजसू नेता संतोष महतो, अनूप साव, बबलू भगत, कृष्णा महतो, अरशद आरफीन, बबलू अंसारी, राजा सिंह, संजय बोरा, नकुल महतो, गोपाल रविदास, हीरामन महतो, तुलसी रविदास, नितेश साहू, राजकुमार रविदास, सुनीता देवी, साबिर खान सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।