पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांध ग्रामीणों ने लिया जंगल बचाने का संकल्प, महादेवबेड़ा में वन संरक्षण कार्यक्रम

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांध ग्रामीणों ने लिया जंगल बचाने का संकल्प, महादेवबेड़ा में वन संरक्षण कार्यक्रम

बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के हिसीम पहाड़ स्थित महादेवबेड़ा में जंगल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर जंगलों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बोकारो के DFO नीतीश कुमार एवं सहायक वन संरक्षक राकेश कुमार सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवशरण हेंब्रम ने की, जबकि संचालन केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो ने किया। ग्रामीणों ने कहा कि जंगल उनके जीवन, जीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है।DFO नीतीश कुमार ने कहा कि जंगल केवल वन विभाग की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर है। जंगलों की सुरक्षा में ग्रामीणों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुटूस को जंगल के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसकी छंटाई वन सुरक्षा समितियों के माध्यम से कराने की योजना का प्रस्ताव सरकार को भेजने और लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी वन सुरक्षा समितियों के पुनर्गठन का भरोसा दिलाया।सहायक वन संरक्षक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा केवल वन विभाग के प्रयास से संभव नहीं, इसके लिए स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वहीं केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो ने कहा कि वन सुरक्षा समितियों को अधिकार और संसाधन देकर मजबूत किया जाना चाहिए और वनोपज का 90 प्रतिशत हिस्सा समितियों को देने की मांग रखी।इस दौरान ग्रामीणों ने खुदीबेड़ा से हिसीम बस्ती तक 6-7 किलोमीटर लंबे पहाड़ी रास्ते में यात्री शेड और सामुदायिक भवन निर्माण, जंगली हाथियों से सुरक्षा के लिए संसाधन उपलब्ध कराने और समिति सदस्यों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग रखी। कार्यक्रम में आकाशवाणी के लोक कलाकार प्रेमचंद कालिंदी एवं सुनील महतो ने वन संरक्षण गीतों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!