दौसा
जिला पुलिस अधीक्षक दौसा द्वारा क्राइम एवं समीक्षा बैठक आयोजित
आज दिनांक 03.06.2026 को जिला पुलिस अधीक्षक दौसा श्री पीयूष दीक्षित, IPS द्वारा पुलिस कार्यालय दौसा में जिले की क्राइम एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक, थानाधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
us
बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, गंभीर एवं लंबित प्रकरणों, वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, अवैध हथियारों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, आदतन अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कानूनी कार्यवाही कर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं डिजिटल सुरक्षा से संबंधित मामलों में आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं, हेल्पलाइन सेवाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखा जाए।
इसके साथ ही सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने, अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा पुलिस की जनहितकारी गतिविधियों एवं जागरूकता संदेशों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के अंत में जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।