भटनी पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी की वारदात का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 की रात महुराव निवासी शुभनाथ शर्मा की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर 16 अप्रैल को थाना भटनी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 17 अप्रैल को मठिया गांव के पास से तीन आरोपियों—नितेश यादव, विशाल बैठा और कन्हैया बैठा—को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर मठिया गांव के एक बगीचे से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामदगी में दो गैस सिलेंडर, डाटा केबल, एडाप्टर, मोटरसाइकिल व साइकिल ट्यूब, गैस पाइप और स्टोव चूल्हा समेत कई सामान शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।