बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
बेरमो में कोयला माफियाओं पर CISF का शिकंजा, 4.925 टन अवैध कोयला जब्त – प्रबंधन को सौंपा, माफियाओं में हड़कंप
बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफिया को लेकर सीआईएसएफ ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। सीआईएसएफ ने छापेमारी कर 4.925 टन अवैध कोयला जब्त किया है।गुप्त सूत्रों से सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह को सूचना प्राप्त हुई कि ढोरी एरिया के अंतर्गत अमलो चेक पोस्ट, दीनदयाल चौक तथा करमपानी ओबी डंप एरिया के आसपास अवैध रूप से कोयला रखा हुआ है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ छापामारी दल ने तत्काल कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान अमलो क्षेत्र से लगभग 1.500 टन तथा करमपानी क्षेत्र से 1.425 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। इसी क्रम में बी एंड के एरिया से केएमपी स्टोर तथा खासमहल एरिया से 1.31 टन अवैध कोयला भी बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 4.925 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।जब्त किए गए अवैध कोयले का वजन कराने के उपरांत उसे सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में उक्त कोयले का भंडारण एवं गतिविधियां खनिज संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में पाई गईं। Mines and Minerals Act 1957 के तहत आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित प्राधिकरण को सूचित किया गया है।इस संयुक्त कार्रवाई में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट वर्क्स सार्थक बाबाजी, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, संतोष कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी एवं अन्य बल सदस्य मौजूद रहे। सीआईएसएफ ने कहा है कि अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।