बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय कसमार में नवनिर्मित शौचालय का उद्घाटन, छात्राओं की सुविधा और सम्मान को मिलेगा बल।
बोकारो जिला के कसमार प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय, कसमार में नवनिर्मित शौचालय का विधिवत उद्घाटन शनिवार को गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी ने फीता काटकर किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।जानकारी के अनुसार, इस शौचालय का संचालन श्री फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की उपलब्धता से विशेष रूप से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने श्री फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार शिक्षा और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण मिलेगा। विशेषकर छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय उनकी निरंतर शिक्षा और आत्मसम्मान के लिए बेहद जरूरी है।वहीं,विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद सेरे आलम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की उपलब्धता से बच्चों की पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है तथा उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।मोहम्मद सेरे आलम ने कहा,विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का आधार होता है। ऐसे में शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। यह पहल छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी।”
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण और संचालन की इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।