ग्राम पंचायत पहंदा शिविर में प्रशासन ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

ग्राम पंचायत पहंदा शिविर में प्रशासन ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

पीएम आवास की चाबी वितरण से लेकर व्हीलचेयर और राशन कार्ड तक, कई हितग्राहियों को मिली राहत

korb

कोरबा//कोरबा जिले के ग्राम पंचायत पहंदा में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के जनसमस्या निवारण शिविर में शासन-प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर अधिकारियों ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कोरबा अध्यक्ष बिजमोती राठिया एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा कमलेश अनंत उपस्थित रहीं। उनके साथ जनपद सदस्य किशन कोशले, कृष्णा राजपूत, विधायक प्रतिनिधि दशरथ खड़िया, भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव, एसडीएम सरोज महिलांगे तथा जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ खगेश निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्व, पंचायत, खाद्य, स्वास्थ्य, पीएचई, विद्युत सहित विभिन्न विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। पीएम आवास योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, पेंशन, श्रम कार्ड एवं राजस्व मामलों से जुड़े आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की गई।

विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 90 दिनों के भीतर अपना आवास पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया। वहीं एक दिव्यांग युवक को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रशासन की संवेदनशीलता देखने को मिली। देवरमाल गांव के ग्रामीणों को राशन कार्ड वितरित कर योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों के लिए भोजन और मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी। सुबह से शाम तक लगातार अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे। बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया।

शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल, बिजली, स्कूल शौचालय और धान खरीदी केंद्रों में धरम कांटा लगाने जैसी मांगें भी प्रशासन के सामने रखी गईं। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी शिविर में पहुंचकर शासन की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!