जुएल ओराम के समर्थन में उतरा ओराम समाज युवा मंच, निकाली रैली और किया प्रदर्शन

जुएल ओराम के समर्थन में उतरा ओराम समाज युवा मंच, निकाली रैली और किया प्रदर्शन

राउरकेला, 31 अगस्त। सर्किट हाउस से पिस्तौल और गोलियां बरामद होने के मामले में मुख्य आरोपी प्रकाश पासवान समेत 12 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री एवं सुंदरगढ़ सांसद जुएल ओराम द्वारा 28 अगस्त को विपक्ष के खिलाफ दिए गए बयान तथा कथित तौर पर जलाने-पोड़ने की धमकी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इसी मामले को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस की ओर से जुएल ओराम के खिलाफ प्रदर्शन किए जाने के बाद मंगलवार को उनके समर्थन में ओराम समाज युवा मंच सड़क पर उतरा।

ओराम समाज युवा मंच की ओर से भारी बारिश के बीच बिरसा मुंडा चौक से एक रैली निकाली गई। रैली शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए उदितनगर स्थित जिला पुलिस कार्यालय के समक्ष पहुंची। रैली में शामिल लोगों के हाथों में विभिन्न प्ले-कार्ड थे और वे जुएल ओराम के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

जिला पुलिस कार्यालय के समक्ष पहुंचने के बाद ओराम समाज युवा मंच की ओर से जुएल ओराम के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जुएल ओराम का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी किए जाने का भी विरोध किया गया। इस दौरान “जुएल ओराम जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।

प्रदर्शन में ओराम समाज युवा मंच के अध्यक्ष मांगे एक्का तथा बीरमित्रपुर के पूर्व विधायक शंकर ओराम समेत समाज के कई लोग शामिल हुए।

लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के रैली में शामिल होने के कारण जिला पुलिस कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग कर जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

उल्लेखनीय है कि जुएल ओराम के बयान को लेकर कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद अब उनके समर्थन में ओराम समाज युवा मंच के सड़क पर उतरने से राउरकेला में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

राउरकेला से पंचानन पात्र की रिपोर्ट R9 Bharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!