मॉडिफाइड कानफोड़ू साइलेंसर के खिलाफ सख्ती, 11 बाइक जब्त, 25 हजार जुर्माना वसूला …
राजगांगपुर :
शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए राजगांगपुर पुलिस के थाना प्रभारी विजय कुमार दास ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार चलाए जा रहे एमवी (मोटर व्हीकल) चेकिंग अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड कानफोडू साइलेंसर लगी 11 मोटरसाइकिलों को जब्त किया।
जांच के दौरान पाया गया कि इन वाहनों में अवैध रूप से तेज आवाज करने वाले साइलेंसर लगाए गए थे, जो नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने सभी वाहनों को डिटेन कर मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत कुल 25,000 रुपये का जुर्माना वसूला। थाना प्रभारी विजय कुमार दास ने बताया कि मॉडिफाइड कानफोड़ू साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों और मरीजों को भी भारी परेशानी होती है। थाना प्रभारी विजय कुमार दास ने चेतावनी दी है कि आगे भी शहर में इस तरह का विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राजगांगपुर से तन्मय सिंह की रिपोर्ट..