राजाखेड़ा कोर्ट परिसर में लोक अदालत शिविर सम्पन्न,
अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धौलपुर के निर्देशन में ताल्लुका विधिक सेवा समिति, राजाखेड़ा के द्वारा शनिवार को भीषण गर्मी और तपते मौसम के बीच राजाखेड़ा में वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। ताल्लुका विधिक सेवा समिति, राजाखेड़ा के अध्यक्ष एवं सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा की अध्यक्षता में गठित बैंच द्वारा 19 फौजदारी एवं 3 सिविल सहित कुल 22 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसी के साथ बिजली विभाग एवं विभिन्न बैंकों व अन्य संस्थाओं के प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों का निस्तारण किया जाकर कुल 70 लाख 56 हजार 361 रूपयें की राशि के कुल 185 अवार्ड पारित किए जाकर पक्षकारों को राहत प्रदान की गई। इसी के साथ ही राजस्व न्यायालय के कुल 10 प्रकरणों का निस्तारण किया गया जो पिछली बार से 2 अधिक है। लोक अदालत के जरिए पक्षकरों को त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध करवाया गया। आमजन से अपील की गई िकवे भविष्य में भी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें। इसी के साथ न्यायालय में पिछली लोक अदालत के बाद आज तक मध्यस्थता के जरिए भी कुल 8 प्रकरणों का निस्तारण भी किया गया। पक्षकारगण के मध्य लोक अदालत में मुकदमों का निस्तारण आपसी सुलह व समझाईश से कराया गया ताकि पक्षकारगण के मध्य भाईचारा व सौहार्द का वातावरण बना रहें। इस अवसर पर लोक अदालत पीठ के सदस्य अधिवक्ता दिनेश चंद शर्मा, रीडर हेमंत अग्रवाल, मधुसूदन लिपिक ग्रेड द्वितीय, अंकित मंगल, अनिल, डोंगर सिंह एवं अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव धौलपुर