सतना पहुंचे नवागत कलेक्टर, मैहर में मां शारदा के दर्शन कर संभाला पदभार

सतना पहुंचे नवागत कलेक्टर, मैहर में मां शारदा के दर्शन कर संभाला पदभार
सतना से महेंद्र गौतम ब्यूरो चीफ
सतना। जिले के नवागत कलेक्टर अनुराग वर्मा मंगलवार को सतना पहुंच गए। उन्होंने सर्वप्रथम मैहर में आदिशक्ति मां शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर सुबह 11 बजे कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सतना का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर निवर्तमान कलेक्टर अजय कटेसरिया भी उपस्थित थे।

2012 बैच के आईएएस हैं दोनों कलेक्टर: ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को 2012 बैच के आईएएस अधिकारी कलेक्टर अजय कटेसरिया का तबादला सतना से उप सचिव मध्य प्रदेश शासन के पद पर किया है। वहीं 2012 बैच के ही आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा जो कि उप सचिव मध्य प्रदेश शासन औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग में पदस्थ थे उन्हें मंत्रालय से तबादला करते हुए सतना कलेक्टर बनाया है। श्री वर्मा मूलतः उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले हैं। जबकि निवर्तमान कलेक्टर अजय कटेसरिया धनबाद झारखंड के निवासी थे। सतना में पदभार ग्रहण करने वाले नवागत कलेक्टर अनुराग वर्मा मुरैना व हरदा में भी कलेक्टर रह चुके हैं। इसके पहले वे सागर में नगर निगम में कमिश्नर व सिंगरौली में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

जिले के 50वें कलेक्टर से सतना को कई अपेक्षाएं: सतना जिले में 50 वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करने वाले अनुराग वर्मा से जिलेवासियों को कई अपेक्षाएं हैं। सतना एक व्यवसायिक नगर के साथ विकासशील शहर के रूप में जाना जाता है। इस जिले में जहां प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मैहर की शारदा माता, भगवान श्रीराम की कर्मभूमि चित्रकूट जहां कामतानाथ, गुप्तगोदवारी स्थित है। वहीं यह जिला सीमेंट फैक्ट्रियों के हब के रूप में भी जाना जाता है। इसके अतिरिक्त भी सतना में सैकड़ों लघु एवं मध्यम उद्योग स्थित हैं। जिनमें आए दिन कोई न कोई समस्या बनी रहती हैं। सतना जिले के उद्योगों की प्रगति एवं शांति स्थापना में जिला प्रशासन विशेष तौर पर कलेक्टर को मजदूरों एवं प्रबंधन के बीच अहम भूमिका निभानी पड़ती है। उम्मीद जताई जा रही है कि शहर के सर्वांगीर्ण विकास के साथ स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों को सुनियोजित ढंग से संचालित एवं लागू करने में नवागत कलेक्टर अनुराग वर्मा अपने अनुभवों से नए सोपान स्थापित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!