दुर्गापुर रिजर्व फॉरेस्ट में प्रकाश पासवान का कार्यालय ध्वस्त

दुर्गापुर रिजर्व फॉरेस्ट में प्रकाश पासवान का कार्यालय ध्वस्त

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जेसीबी से हुई कार्रवाई, दो प्लाटून पुलिस बल तैनात

 

राउरकेला, 5/9। पानपोष सर्किट हाउस हथियार बरामदगी मामले के मुख्य आरोपी एवं निलंबित भाजपा नेता प्रकाश पासवान के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। होटल दीप्ति के पीछे दुर्गापुर रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र में स्थित उनके कथित अवैध कार्यालय को वन विभाग और राउरकेला पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट, दो थाना अधिकारियों, दो प्लाटून पुलिस बल तथा वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्लांटसाइट थाना पुलिस की तैनाती भी की गई थी। करीब एक घंटे के भीतर कार्यालय के अवैध निर्माण को पूरी तरह तोड़ दिया गया। कार्यालय में मौजूद एसी, पंखे, सोफा सेट सहित अन्य सामान को वन विभाग ने जब्त कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, दुर्गापुर रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन पर निर्माण किए जाने के आरोप में प्रकाश पासवान को ओडिशा वन अधिनियम, 1972 की धारा 5, 27(1)(ए) एवं 37(2) के तहत नोटिस जारी किया गया था। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया गया था। हालांकि, सर्किट हाउस हथियार मामले में जेल में बंद होने के कारण उनकी ओर से कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया।

अतिरिक्त तहसीलदार सेवक चंद्र और एसीएफ गजेंद्र माथुर की मौजूदगी में कार्यालय से सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में निषेधाज्ञा भी लागू की गई थी।

उल्लेखनीय है कि राउरकेला पानपोष सर्किट हाउस से पिस्तौल और जिंदा गोलियां बरामद होने के मामले में पुलिस ने अब तक प्रकाश पासवान समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रकाश पासवान के खिलाफ करीब 20 मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है।

इससे पहले सेक्टर-21 स्थित राउरकेला इस्पात संयंत्र के अधीन क्वार्टर तथा प्रकाश पासवान से जुड़े कार्यालय को भी सील किया गया था। सर्किट हाउस हथियार मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ ही पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है।

राउरकेला से शैलेन्द्र साहू की रिपोर्ट, आर9 भारत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!