शिक्षकों के सम्मान से सजा शिक्षक दिवस समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सलेमपुर। आर.एल. एकेडमी सलेमपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं पूर्व प्रधानाचार्यों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
समारोह में जनता इंटर कॉलेज चकरवा के पूर्व प्रधानाचार्य नरसिंह तिवारी, श्रीकांत पाण्डेय एवं रविन्द्र नाथ श्रीवास्तव तथा बापू इंटर कॉलेज सलेमपुर के पूर्व प्रधानाचार्य बृजेश लाल सिन्हा को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकों को भी सम्मानित करते हुए उनके समर्पण एवं योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह से समारोह का वातावरण उल्लासपूर्ण बना रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता भी व्यक्त की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का रूप धारण कर उनकी जयंती को विशेष अंदाज में मनाया। उनके स्वरूप में सजे बच्चों ने केक काटकर डॉ. राधाकृष्णन को जन्मदिवस की बधाइयां दीं। इस अवसर पर बच्चों ने उनके व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की ओर अग्रसर होते हैं।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रबंधक संदीप श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य संजय पांडेय ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण सम्मान, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
सलेमपुर से संदीप कुमार मद्धेशिया की रिपोर्ट