बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
बेरमो और गांधीनगर में दशहरा को लेकर संयुक्त फ्लैग मार्च – दोनों थानों ने एक साथ निकाला मार्च
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बेरमो और गांधीनगर थाना क्षेत्र में 16 अक्टूबर 2026 शुक्रवार को पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बेरमो प्रखंड अंतर्गत बेरमो थाना से पुराने बीडीओ कार्यालय तक और गांधीनगर थाना के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च का नेतृत्व बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर नित्यानंद महतो और गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए।फ्लैग मार्च बेरमो थाना से होते हुए पुराने बीडीओ कार्यालय, बाजार क्षेत्र, मुख्य सड़क होते हुए गांधीनगर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों तक निकाला गया। मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा दशहरा पर्व के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया गया।प्रशासन एवं पुलिस की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकते हुए पूजा एवं उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे दशहरा पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।*