बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
मुख्यालय की सेफ्टी टीम ने कथारा क्षेत्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
सीसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (सेफ्टी) विनोद कुमार ने 17 जुलाई 2026 शुक्रवार को बोकारो जिला क़े कथारा क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह, विभागाध्यक्ष (सेफ्टी) राजकुमार वर्णवाल तथा मुख्यालय के अधिकारी रोहित कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण की शुरुआत कथारा स्थित माइंस रेस्क्यू स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक (सेफ्टी) ने अधिकारियों एवं सेफ्टी कर्मियों से उपलब्ध संसाधनों, आधुनिक उपकरणों तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और रेस्क्यू टीम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्यालय की सेफ्टी टीम ने जारंगडीह कोलियरी, कथारा कोलियरी तथा गोविंदपुर परियोजना के मोंटीको नाला क्षेत्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान जारंगडीह परियोजना के परियोजना पदाधिकारी पी.के. सेन गुप्ता, खान प्रबंधक सुनील कुमार यादव एवं सेफ्टी अधिकारी संतोष कुमार, कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, खान प्रबंधक कृष्ण मुरारी एवं सेफ्टी अधिकारी अनीश दिवाकर तथा गोविंदपुर परियोजना के परियोजना पदाधिकारी सतीश कुमार त्रिवेदी, खान प्रबंधक मनोज कुमार एवं सेफ्टी अधिकारी आलोक कुमार ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यस्थलों पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों तथा परिचालन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (सेफ्टी) विनोद कुमार ने विभिन्न कार्यस्थलों, व्यू प्वाइंट एवं खदान क्षेत्रों का अवलोकन कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन कार्य में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं को नोट करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व श्रमिक नेता विजय कुमार सिंह ने सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह से मुलाकात कर कथारा क्षेत्र की पानी, बिजली, सड़क, आरआर शॉप, सुरक्षा व्यवस्था, माइंस रेस्क्यू वैन, फायर फाइटिंग वाहन तथा कोयला चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मुख्यालय स्तर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का दौरा एवं निरीक्षण किया जा रहा है। शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यालय की सेफ्टी टीम का कथारा दौरा भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। निरीक्षण एवं अवलोकन कार्यक्रम के दौरान श्रमिक नेता विजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।