बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
सीआईएसएफ-सीसीएल की बड़ी कार्रवाई, गांधीनगर में 16.695 टन अवैध पोड़ा कोयला जब्त
बोकारो जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में 17 जुलाई 2026 शुक्रवार को अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ और सीसीएल ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 16.695 टन अवैध पोड़ा कोयला जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह को जानकारी मिली कि बी एंड डी क्षेत्र के 4 नंबर एरिया स्थित एलएफसी होटल के पीछे भारी मात्रा में अवैध कोयला जमा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी सीसीएल जीएम श्री संजय कुमार झा को दी गई।इसके बाद सीआईएसएफ, सीसीएल प्रबंधन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर अवैध रूप से जमा कोयला जब्त किया। कोयले को खसमहल कांटा संख्या-01 पर तौल कराने के बाद सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।इस अभियान में उप कमांडेंट अभिलाष गारा, एएसओ पी.एन. सिंह, इंस्पेक्टर एस.आर. नायक, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार, आरक्षक अतुल कुमार, क्यूआरटी टीम और सीसीएल गार्ड सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।सीआईएसएफ ने कहा है कि खन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। सीआईएसएफ, सीसीएल और पुलिस के समन्वय से ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि बेरमो क्षेत्र के सीसीएल बी एंड के और ढोरी क्षेत्र में सीआईएसएफ की मौजूदगी से कार्रवाई हो रही है, लेकिन जरंगडीह कोलियरी, कथारा कोलियरी, कथारा वाशरी, स्वांग कोलियरी और गोविंदपुर में सीआईएसएफ नहीं होने से कोयला माफियाओं का मनोबल बढ़ा हुआ है। यहां दिन में ही मोटरसाइकिल और साइकिल से कोयला चोरी की घटनाएं हो रही हैं। अगर सभी जगह सीआईएसएफ की तैनाती होती तो शायद कोयला माफियाओं पर शिकंजा और कसा जा सकता था।