बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
कथारा में झांकोमयू का एक दिवसीय सेमिनार, चार लेबर कोड व 12वें वेतन समझौते पर हुई चर्चा।

बोकारो जिला क़े कथारा स्टाफ रिक्रिएशन क्लब में मंगलवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (झांकोमयू) की ओर से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन के केंद्रीय सचिव जयनारायण महतो उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय सदस्य इकबाल अहमद ,जोनल उपाध्यक्ष इकबाल हुसैन तथा जोनल संगठन सचिव शंकर पासवान,सचिव कई पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नरेश मंडल ने की, जबकि मंच संचालन झामुमो के केंद्रीय सदस्य इकबाल अहमद ने किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जयनारायण महतो ने कहा कि कथारा क्षेत्र में श्रमिकों के लिए चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन मजदूरों के अधिकारों की लगातार अनदेखी कर रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षित कार्य वातावरण और उनके वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चार लेबर कोड की आलोचना करते हुए कहा कि यह श्रमिक हितों के विपरीत है। उनका आरोप था कि इन कानूनों के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करने तथा सार्वजनिक क्षेत्र के कोयला उद्योग को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। जयनारायण महतो ने कोयला उद्योग के कर्मचारियों के लंबित 12वें वेतन समझौते को जल्द लागू करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, इसलिए श्रमिकों के हित में शीघ्र वेतन समझौता लागू किया जाना आवश्यक है। सेमिनार में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार, सुरक्षा व्यवस्था, श्रमिक अधिकारों और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने मजदूरों से संगठित रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में हेमू यादव, फेनिराम सोरेन, इस्लाम अंसारी, अमित पासवान, मुमताज आलम, सुरेश कुमार, संजय कुमार, मो. आफाक, सुनील कुमार सहित यूनियन के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। सेमिनार में कथारा क्षेत्र के सैकड़ों झांकोमयू कार्यकर्ता एवं मजदूर उपस्थित थे।