बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
डीएवी कथारा में 22 जुलाई से शुरू होगा क्लस्टर-5 का खेल महाकुंभ, 7 विद्यालयों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत क्लस्टर-5 की क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 22 और 23 जुलाई को बोकारो जिले के डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में किया जाएगा। इस दो दिवसीय खेल महोत्सव में क्लस्टर-5 के सात डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।इस प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा, स्वांग, ललपनिया, तेनुघाट, भंडारीदाह, दुग्धा और सरिया के खिलाड़ी शामिल होंगे। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत कुल 31 खेलों का प्रावधान है, जिनमें से कथारा स्कूल को इस बार वॉलीबॉल, क्रिकेट और खो-खो की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिताएं बालक और बालिका वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में होंगी। प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ 22 जुलाई को स्थानीय जीएम ग्राउंड, कथारा में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विद्यालय की स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ए.के. बी. सिंह होंगे। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अर्पणा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। डॉ. जी.एन.खान,सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड जोन-1 सह प्राचार्य, डीएवी कथारा खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का सर्वोत्तम साधन हैं। हमें विश्वास है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द का संदेश भी देगी।आयोजन को लेकर पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल है। शिक्षक, कर्मचारी और खेल प्रशिक्षक मैदान, आवास, भोजन, सुरक्षा सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। विद्यालय परिवार का लक्ष्य इस खेल महाकुंभ को अनुशासित, गरिमामय और यादगार बनाना है।