बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
डीएवी कथारा में क्लस्टर 5 खेल प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन कथारा व स्वांग का दबदबा।

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत क्लस्टर 5 की दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 22 जुलाई 2026 बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। 22 एवं 23 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में क्लस्टर 5 के सात डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, देशभक्ति समूह नृत्य तथा आकर्षक ड्रिल प्रदर्शन से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। इसके बाद खेल ध्वज फहराया गया और खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि कथारा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती अर्पना सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन हैं। विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है। समारोह में सीसीएल अधिकारियों, विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्यों, कथारा ओपी प्रभारी तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल अंडर 14 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण तथा स्वांग ने रजत पदक जीता। अंडर 14 एवं अंडर 17 बालिका वर्ग में डीएवी स्वांग विजेता रहा, जबकि अंडर 17 बालक वर्ग में डीएवी कथारा ने जीत दर्ज की। क्रिकेट अंडर 17 में डीएवी दुग्धा ने स्वर्ण और ललपनिया ने रजत पदक हासिल किया, जबकि अंडर 19 वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वर्ण तथा स्वांग ने रजत पदक अपने नाम किया। खो-खो अंडर 14 बालक वर्ग में डीएवी तेनुघाट तथा बालिका वर्ग में डीएवी ललपनिया विजेता रहे। समारोह के अंत में डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, शारीरिक प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।