बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
कथारा क्षेत्र से 44 कर्मी सेवानिवृत्त, समारोह में दी गई भावभीनी विदाई।
बोकारो जिला के कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से सेवानिवृत्त हुए कुल 44 कर्मियों के सम्मान में सोमवार को ऑफिसर्स क्लब कथारा में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता एसओ माइनिंग सह एजीएम विनोद कुमार ने की, जबकि संचालन अनुराग कुमार ने किया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके लंबे एवं सराहनीय सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त किया गया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि कर्मियों ने अपनी सेवा अवधि के दौरान मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ संस्था के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और कार्यशैली से आने वाली पीढ़ी के कर्मियों को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी। इस अवसर पर एसीसी सदस्य के रूप में मिनहाजुल आवेदिन, मो. निजाम अंसारी, शमशुल हक एवं राजू स्वामी तथा प्रबंधन की ओर से कार्मिक पदाधिकारी गुरु प्रसाद मंडल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। सभी वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और सहकर्मियों एवं प्रबंधन के सहयोग के प्रति आभार जताया। माहौल भावुक होने के साथ-साथ आत्मीय भी रहा। अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।