बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सम्मान और यादों के बीच लक्ष्मण महतो को दी गई भावभीनी विदाई
टांगटोना में सेवानिवृत्त शिक्षक का विदाई समारोह संपन्न
एंकर:बोकारो जिला के कसमार प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में सोमवार को भावुक और यादगार माहौल के बीच सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मण महतो को भावभीनी विदाई दी गई। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मण महतो को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सहकर्मियों और अतिथियों ने उनके सरल स्वभाव, विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार, अनुशासन तथा विद्यालय के प्रति समर्पण को याद किया। विदाई के दौरान कई शिक्षक भावुक नजर आए।मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि नई पीढ़ी के व्यक्तित्व और भविष्य को गढ़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। लक्ष्मण महतो ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा से जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति एक पड़ाव है, उनका अनुभव समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।
प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार महतो ने कहा कि लक्ष्मण महतो का सरल व्यवहार और सहयोग की भावना हमेशा प्रेरणादायी रही है। उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय ने एक अनुभवी शिक्षक खोया है,यह अपूरणीय क्षति है।मुखिया सुमित्रा कुमारी, शिक्षाविद दीपक पुनिआर, सीआरपी फलहारी महतो, उच्च विद्यालय बगदा के प्राचार्य राजेश दास, उमवि डूमरकुदर के प्राचार्य बिंदेश्वर महतो ने भी उनके योगदान को याद किया और कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में कई विद्यार्थियों का भविष्य संवारा है।कार्यक्रम में शिक्षक सुबोध महतो, देवधारी महतो, तारकेश्वर प्रसाद, वेद प्रकाश, कपिलेश्वर महतो, लालकिशोर महतो, रथू महतो, सरिता देवी, आईसीटी इंस्ट्रक्टर कुमारी तपोसी महतो, लिपिक कुनाल कुमार महतो, अध्यक्ष भूषण महतो, पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर महतो सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे और उनके सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।