बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
ओबी में लगी आग को लेकर प्रबंधन और ग्रामीणों की बैठक, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा।
बोकारो जिला के कथारा कोलियरी के तीन नंबर कोलियरी क्षेत्र के ओबी में लगी आग और उससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर 31अगस्त 2026 सोमवार को कथारा महाप्रबंधक सभागार में प्रबंधन एवं ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में झिरकी बस्ती के ग्रामीणों ने आग से निकलने वाली जहरीली गैस सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में सीसीएल प्रबंधन की ओर से कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह, एजीएम विनोद कुमार,भूमि अर्जन विभागाध्यक्ष अर्जून प्रसाद,कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रणजीत कुमार, वाशरी परियोजना पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, एसओसी शशांक कुमार, कार्मिक प्रबंधक गुरु प्रकाश मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं झिरकी बस्ती की ओर से इसराफिल अंसारी, कलीम अंसारी, मुर्शिद आलम, जाबिर आलम, हाजी कुद्दुस, मो. अजफर आलम, जुनैद आलम, मो. बिलाल आलम, सराफत शेख, गुलाम रब्बानी, आरिफ अंसारी, मुस्ताक अंसारी, गुलाम अंसारी, गुलाम मुर्तुजा सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने कहा कि कोलियरी के ओबी में लगी आग के कारण निकलने वाले धुएं और जहरीली गैस से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रबंधन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा बैठक में झिरकी बस्ती में सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि बस्ती में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने प्रबंधन से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। बैठक के दौरान सीसीएल अधिकारियों ने ग्रामीणों की ओर से रखे गए सभी मुद्दों को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना। प्रबंधन की ओर से समस्याओं की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने तथा आवश्यक सुविधाओं में सुधार के लिए पहल करने का भरोसा दिया गया। बैठक के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन द्वारा जल्द ही समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।