आंध्र प्रदेश में हादसे का शिकार हुआ बोकारो का प्रवासी मजदूर

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

आंध्र प्रदेश में हादसे का शिकार हुआ बोकारो का प्रवासी मजदूर

बांध पंचायत के कमलेश यादव की मौत गांव में पसरा मातम

 

बोकारो जिले के बांध पंचायत के लिए दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। पंचायत निवासी 43 वर्षीय कमलेश यादव की आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में काम के दौरान हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार कमलेश यादव परिवार के भरण-पोषण के लिए कुछ महीनों पहले ही रोजगार की तलाश में विशाखापत्तनम गए थे। वहां वे एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी।
कमलेश की मौत की खबर उनके पैतृक गांव बांध पंचायत पहुंचते ही पूरे पंचायत में मातम पसर गया। मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पत्नी, बच्चों और माता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे बूढी मां पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए हैं ।ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं। बताया जाता है कि कमलेश बेहद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे और आर्थिक तंगी के कारण बाहर कमाने गए थे।इस दुखद घटना पर बांध पंचायत की मुखिया मुरली देवी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मानवीय पहल करते हुए घटनास्थल के संबंधित थाना में संपर्क कर शव को जल्द से जल्द परिजनों को सौंपने के लिए आवेदन किया है ताकि शव को सम्मान के साथ गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके। मुखिया ने कहा कि इस कठिन समय में पंचायत परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!